27 जून 2020 - 16:58
ईरान, भारत, अमरीका, ब्राज़ील, रूस और ब्रिटेन में कोरोना वायरस की ताज़ा स्थिति

ईरान में 1 लाख 80 हज़ार से ज़्यादा लोग करोना वायरस से ठीक हो चुके हैं।

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता सीमा सादात लारी ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के मरीज़ों में 1 लाख 80 हज़ार 661 लोग ठीक हो चुके हैं और 2 हज़ार से ज़्यादा लोग इस वायरस की ताज़ा चपेट में आए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता सीमा सादात लारी ने शुक्रवार को प्रेस कान्फ़्रेंस में बताया कि पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 2 हज़ार 456  नए केस सामने आए हैं, जिनमें 1 हज़ार 139 लोग भर्ती हुए और बाक़ी लोगों को चेकअप और ज़रूरी दवाओं के साथ घर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि ईरान में अब कोविड-19 की चपेट में आने वालों की तादाद 2 लाख 20 हज़ार 180 हो गयी है।

इसी तरह उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 125 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हुयी है। इस तरह कोरोना वायरस कोविड-19 से ईरान में मरने वालों की कुल तादाद अब 10 हज़ार 364 हो गयी है।      

दुनिया में अब तक 99 लाख 35 हज़ार 446 लोग कोरोना वायरस की चपेट आ चुके हैं, जिसमें 53 लाख 83 हज़ार 819 लोग ठीक हो चुके हैं और 4 लाख 97 हज़ार 555 लोगों की मौत हो चुकी है।

अमरीका, ब्राज़ील, रूस, भारत और ब्रिटेन में क्रमशः कोरोना वायरस के सबसे ज़्यादा केस हैं। अमरीका में 2,553,771, ब्राज़ील में 1,280,054, रूस में 627,646, भारत में 511,478 और ब्रिटेन में 309,360 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं।